रायपुर नगर निगम स्वर कोकिला स्व. लता मंगेशकर की स्मृति में सिंगिंग आइडल-2022 का आयोजन करेगी। नगर निगम का संस्कृति विभाग शहर में सिंगिंग आइडल-2022 का आयोजन एक मई को करने जा रहा है।
इस सिंगिंग आइडल के जरिए निगम प्रशासन ने शहर के 16 से 18 साल तक के बच्चों की गायन प्रतिभा को संवारने का बीड़ा उठाया है। इसके लिए शनिवार 16 अप्रैल को पहला ऑडिशन और दूसरा ऑडिशन 23 अप्रैल को निगम मुख्यालय भवन में होगा। इसके बाद एक मई को ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया जाएगा।
नगर निगम के संस्कृति विभाग के अध्यक्ष व एमआईसी सदस्य ने बताया कि पिछले दो साल से पूरी दुनिया में कोरोना वायरस का प्रकोप रहा। इस प्रकोप से शहर भी अछूता नहीं रहा। कोरोनाकाल ने आम जनजीवन को समेट कर रख दिया था। शहर में लोगों की प्रतिभा को वापस जगाने के लिए संस्कृति विभाग ने यह पहल की है। इसके माध्यम से संगीत के क्षेत्र में पहचान बनाने वाले प्रतिभावान बच्चों को मंच प्रदान किया जाएगा।












