जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र से हत्या का एक मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंध के चलते एक अधेड़ की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई है। आरोपी ने उसे अपने घर में बहाने से बुलाया था। इसके बाद टंगिया मारकर उसकी हत्या कर दी है। इस मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
चंदागढ़ निवासी शिवा विश्वकर्मा(23) ने सोमवार को मामले की शिकायत पुलिस से की थी। शिकायत में उसने बताया कि उसके पिता जयनाथ विश्वकर्मा(48) कारपेंटर का काम करते थे। सोमवार सुबह उन्हें खजरीबहला निवासी सीता राम(50) ने अपने घर कारपेंटर का काम करने बुलाया था। मगर उसने वहां पर उनकी हत्या कर दी है। सुबह 9 बजे आस-पास के लोगों ने उसे इस बात की सूचना दी थी। इसी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया था।
बताया गया कि सीता राम ने बहाने से जयनाथ को अपने घर बुलाया था। इसके बाद उसकी वहीं पर टंगिया मारकर हत्या कर दी। उस वक्त सीता राम के घर कोई नहीं था। लोगों को इस बात की सूचना तब लगी थी, जब सभी ने आरोपी को शव सुबह खेत की तरफ घसीटते ले जाते देखा था। जिसके बाद जयनाथ के बेटे शिवा को इसकी जानकारी दी गई थी। परिजन मौके पर गए थे, तब खून से लथपथ जयनाथ की लाश मिली थी।
इधर, खबर लगते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार होने के बाद आरोपी ने बताया कि मुझे शक था कि जयनाथ का मेरी पत्नी के साथ अवैध संबंध था। इसलिए मैंने उसे मार दिया और शव को खेत में छिपाने गया था। फिर मैंने शव को वहीं छोड़ दिया था। अब मंगलवार को पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया है।

