महाराष्ट्र के गढ़चिरौली पुलिस ने एक शादी समारोह में नाचते हुए चार इनामी नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि नक्सलियों का एक ग्रुप नेलगोंडा एरिया में एक नक्सल समर्थक के घर शादी समारोह में शामिल हो रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को शादी समारोह के दौरान धर दबोचा है।
गिरफ्तार नक्सलियों में दो एरिया कमेटी मेंबर के नक्सली है। वहीं एक महिला नक्सली और एक अन्य नक्सली को भी शादी में जश्न मनाते गिरफ्तार किया है। गढ़चिरौली पुलिस के लिए यह बड़ी कामयाबी है।
जानकारी के मुताबिक, गढ़चिरौली जिले के दक्षिणी इलाके भामरागढ़ क्षेत्र में एक नक्सल समर्थक के घर वैवाहिक कार्यक्रम था। पुलिस ने नक्सलियों के आने की भनक के बाद घेराबंदी कर गांव में सी-60 के जवानों को तैनात किया गया। पुलिस की सूचना सही निकली और बापू उर्फ रामजी दोघे (30) एसीएम कंपनी नंबर दस को गिरफ्तार किया। बापू उर्फ रामजी पर आठ लाख रुपये का इनाम घोषित है।
इसी तरह छह लाख रुपये के इनामी मारूति उर्फ अंतूराम उर्फ मानिक साधु गावड़े (34) भी पुलिस की गिरफ्त में आया। मारूति गट्टा दलम में बतौर एरिया कमेटी के मेंबर के तौर पर सक्रिय रहा। शादी समारोह में ही थिरकते हुए पुलिस ने एक महिला नक्सली सुमन उर्फ जनी कोमटी (24) और अजीत उर्फ भरत को गिरफ्तार किया है। दोनों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित है।
वहीं गढ़चिरौली के नक्सल डीआईजी संदीप पाटिल ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों को सूचना के आधार पर पकड़ा गया है। सभी पर लाखों रुपये का इनाम घोषित है। गिरफ्तार नक्सलियों में मारूति उर्फ अंतूराम छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के सरहद पर हुए कई हिंसक वारदातों में शामिल रहा है।











