कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित रामसागर पारा से आत्महत्या का एक मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने शुक्रवार को इसलिए फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली क्योंकि उसका प्रेमी उसे धोखा देकर किसी और लड़की से शादी कर रहा है। इस बात का खुलासा युवती के लिखे सुसाइड नोट से हुआ। मृतका का नाम प्रीति महंत बताया जा रहा है।
रामसागर पारा क्षेत्र में रहने वाली 27 वर्षीय प्रीति महंत ने आज अपने घर पर पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली। इसकी जानकारी उसके पिता को एक परिजन से मिली, जिसके बाद कमरे में लगे पंखे से उसे उतारा गया। मानिकपुर में ट्रक ड्राइवर का काम करने वाले प्रीति के पिता ईश्वर दास महंत ने बताया कि किसी युवक से उसके अफेयर की जानकारी मिली थी। युवक ने उसे धोखा दिया है। वही प्रीति के भाई केशर दास महंत ने बताया कि जिस युवक के कारण बहन की मौत हुई, उस युवक की आज शादी हो रही है। नगर पुलिस अधीक्षक योगेश साहू ने बताया कि इस मामले में सुसाइड नोट जब्त किया गया है और पोस्टमार्टम के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है।





