रायपुर: छत्तीसगढ़ भाजपा अब गृह विभाग के आदेश के खिलाफ न्यायालय जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश में धरना, प्रदर्शन, जुलूस रैली पर पाबंदी लगाना ठीक नहीं है। अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने का वादा पूरा करने की बजाय उनके आंदोलन को दबाया गया। किसानों का पंडाल भी उखाड़ा गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों से असंतुष्ट किसान, जनता और कर्मचारी खुलकर उनके विरोध में खड़े हो गए हैं तो उन्होंने दमनकारी नीतियों का खुलकर सहारा लेना शुरू किया है। क्या यह संभव है कि जिस प्रशासन का लोग विरोध करना चाहते हैं वो अपने ही खिलाफ धरना, प्रदर्शन, जुलूस, रैली की अनुमति देगा। डॉ रमन ने कहा बीजेपी इस आदेश के खिलाफ न्यायालय जाएगी और प्रदेश की जनता, किसानों तथा प्रदेश के हित में काम कर रहे कर्मचारियों को उनके लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित किए जाने के विरुद्ध संघर्ष करेगी।
वहीं पूर्व मंत्री राजेश मूणत और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव नवा रायपुर में चल रहे किसानों के आंदोलन को बंद करवाने और संविदा विद्युत कर्मियों के आंदोलन पर की गई कार्रवाई को गलत बताया। दोनों नेताओं ने कहा कि कांग्रेस ने आंदोलनरत लोगों पर पुलिसिया डर दिखाकर आंदोलन को कुचलने का प्रयास किया।











