रायपुर: छत्तीसगढ़ में बीते एक सप्ताह से मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। दो दिन पहले हल्की बारिश हुई, लेकिन लोगों को उमस से राहत नहीं मिली। अब एक बार फिर से तापमान बढ़ने लगा है।
मौसम विभाग ने बुधवार से राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में लू चलने की चेतावनी दी है। रायपुर का अधिकतम तापमान बुधवार को 44 डिग्री के पार जा सकता है। वहीं बस्तर के इलाकों में आज हल्की वर्षा के आसार भी है।
प्रदेश में बुधवार से शुक्रवार तक अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण पूर्व मध्यप्रदेश से कर्नाटक तक द्रोणिका सक्रिय है। आज इसके चलते बस्तर क्षेत्र में कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा के साथ ही अंधड़ भी चल सकती है।










