रेल यात्रियों को एक और झटका: बंद होगी दल्ली-दुर्ग लोकल ट्रेन

बालोद: एक ओर जहां 16 ट्रेनों को बंद कर दिया गया है तो अब वहीं दूसरी ओर यात्रियों को एक और परेशानी का सामना करना पड़ेगा। मामला ये है कि दल्ली राजहरा से दुर्ग, फिर दुर्ग से दल्ली राजहरा सप्ताह में 3 दिन तक चलने वाली ट्रेन को बंद करने की तैयारी चल रही है। बालोद रेलवे स्टेशन से सोमवार से बुधवार तक भले ही 37 मिनट के अंदर यात्रियों को दो ट्रेन की सुविधा मिल रही है लेकिन एक ट्रेन में ज्यादा तो एक ट्रेन में कम यात्री सफर कर रहे हैं। जिस ट्रेन में कम यात्री सफर कर रहे हैं, उस पर रेलवे की नजर है। जिसे रेलवे द्वारा बंद करने की तैयारी की जा रही है। जब तक इसकी टाइमिंग नहीं बदलेगी इसमें यात्रियों की संख्या कम ही रहेगी।

रेल मंत्रालय की ओर से स्थानीय रेलवे अफसरों से रिपोर्ट मांगी गई है कि कितने यात्री सफर कर रहे हैं। इसके अलावा फीडबैक व सर्वे के आधार पर रेलवे मंडल व बिलासपुर जोन की सर्वे कमेटी भी रेल मंत्रालय को रिपोर्ट सौंपेंगे। 2010 में शुरू हुई एक्सप्रेस ट्रेन को जिस तरह कम यात्रियों के कारण घाटा बताकर बंद किया गया था,ठीक उसी फार्मूले पर इसे भी बंद करने की तैयारी है।

इस वजह से दल्ली-दुर्ग ट्रेन में कम यात्री सफर कर रहे
सोमवार से बुधवार तक दो ट्रेन 37 मिनट के अंदर बालोद रेलवे स्टेशन पहुंच रही है। ज्यादातर लोग भिलाई, रायपुर तक सफर करते हैं। ऐसे में सुबह 6.12 बजे पहुंचने वाली केवटी-रायपुर ट्रेन में ही सफर करते हैं। इसके बाद दल्ली से दुर्ग जाने वाली ट्रेन पहुंचती है, जिसमें वही लोग सफर करते हैं, जो दुर्ग, मरोदा काम के सिलसिले में जाते हैं।

इनकी संख्या कम होती है। वहीं दुर्ग से जब वापसी होती है तो 25-30 यात्री ही बालोद में उतरते हैं। यात्री रोमेश साहू, विक्की भारद्वाज ने बताया कि वर्तमान में ट्रेन तीन दिन तक चल रही है। इसे रोजाना चलाया जाए। इसका फेरा बढ़ाकर भानुप्रतापपुर, केवटी तक किया जाए। कांकेर जिले पहुंचने वाले लोग बस के बजाय इसी ट्रेन में सफर कर सकें।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *