रायपुर: छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव देखी जा रही है। लोगों को कभी बारिश तो कभी तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर में बारिश की चेतावनी जारी की है। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के साथ लहर के आसार हैं। मौसम विभाग का मानना है कि अगले चार घंटे में कई जिलों में मौसम का बदलाव देखने को मिल सकता है। गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
शुष्क और गर्म हवा से तापमान में बढ़ोतरी
रायपुर मौसम विभाग ने आज चेतावनी जारी कर बताया है कि अगले 4 घंटे में गरियाबंद, धमतरी कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर और आसपास के जिलों में एक-दो जगहों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चल सकता है। मध्य छत्तीसगढ़ और उत्तर छत्तीसगढ़ में 28 अप्रैल को तापमान में बढ़ोतरी का पूर्वानुमान है। इसके अलावा लू की स्थिति भी निर्मित होने की मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में उत्तर से आने वाली शुष्क और गर्म हवा से तापमान में वृद्धि देखने को मिल रही है।
जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में दक्षिण दिशा से ठंडी और नमीयुक्त हवा आने से अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई है लेकिन विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है। इसके अलावा दक्षिण से ठंडी हवा के कारण बस्तर संभाग के जिलों में हल्की वर्षा और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। बस्तर संभाग और आसपास के जिलों में आंधी चलने की भी भविष्यवाणी है। अगले 24 घंटे में मध्य और उत्तर भाग में यानी सरगुजा और बिलासपुर संभाग में तापमान की बढ़ोतरी का दौर जारी रहेगा। एचपी चंद्रा ने हीट वेव निर्मित होने की संभावना जताई है।










