रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जीएसटी (GST) विभाग के एक क्लर्क ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। मामला माना थाना क्षेत्र का है।
मृतक का नाम गंगाराम मार्कंडेय बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक जीएसटी विभाग में क्लर्क का काम करने वाले गंगाराम मार्कंडेय ने बुधवार को माना स्थित अपने निवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक ने मरने से पहले सुसाइड नोट लिखा है।
सुसाइड नोट में मृतक गंगाराम ने अपनी मौत का जिम्मेदार एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी को बताया है। ट्रांसपोर्ट कारोबारी क्लर्क के मकान को हथियाने के लिए दबाव बना रहा था। इसके साथ ही मृतक ने सुसाइड नोट में तेलीबांधा थाना पुलिस के माध्यम से भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

