अंबिकापुर के एक प्राइवेट अस्पताल में गर्भपात कराने आई नगर सैनिक की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। जिसके बादपरिजनों ने जमकर हंगामा मचाया। मामले की सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से परिजनों ने आरोपी चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग की। इस पर मृतका के शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों की टीम द्वारा कराए जाने के आश्वासन पर परिजनों का गुस्सा शांत हुआ।
जानकारी के मुताबिक चिरमिरी निवासी नगर सैनिक अंजना जायसवाल गर्भवती थी। वह जांच के लिए अंबिकापुर के परिडा नर्सिंग होम में आती थी। 10 दिन पूर्व नर्सिंग होम के डॉक्टर ने बताया कि उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को आहार की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिसकी वजह से उसे गर्भपात करवाना होगा। डॉक्टर ने महिला को कल अस्पताल बुलाया था। इस पर महिला अपने परिजनों के साथ नर्सिंग होम पहुंची थी। गर्भपात के दौरान होने वाले दर्द को सहन नहीं कर पाने के कारण डॉक्टरों ने आज महिला को बेहोश कर गर्भपात करने का निर्णय लिया था।
दोपहर में अंजना को ऑपरेशन के लिए ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि दोपहर ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर ने उन्हें बताया कि मरीज की तबीयत काफी खराब है, लेकिन तब तक प्रशासन की टीम आ गई, जिसके बाद उन्हें पता चला कि अंजना की मौत हो चुकी है
अंजना की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने नर्सिंग होम में हंगामा शुरू कर दिया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद शव का पीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा किए जाने का आश्वासन पर परिजनों का गुस्सा शांत हुआ। मृतिका का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया जा रहा है।

