रायपुर: राजधानी रायपुर के सुभाष स्टेडियम में दावत-ए-इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं इस कार्यक्रम के जरिए राज्यपाल अनुसुईया उइके, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और महापौर एजाज ढेबर ने हजारों रोजेदारों के साथ बैठकर इफ्तार किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि ‘कठिन तपस्या और उपासना के तहत दरम्यान का त्यौहार मनाया जाता है मैं ईद की भी अग्रिम बधाई इस कार्यक्रम के जरिए लोगों को दे रहा हूं। इस रोजा इफ्तार कार्यक्रम में इसमें सभी धर्मों के धर्मावलंबी और धर्म गुरु शामिल हुए और सब ने अपनी-अपनी प्रार्थना के माध्यम से प्रदेश में चैन अमन की दुआ मांगी।’
दावत-ए-इफ्तार के जरिए अमन का पैगाम
इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभाल रहे रायपुर के महापौर एजाज़ ढेबर ने सभी धर्मों को जोड़ने और देश में चल रहे विवादों के बीच चैन ओ अमन का पैगाम देने के लिए सभी धर्म गुरुओं को आमंत्रित किया था। कार्यक्रम के लिए तैयार किए गए मंच पर इसी मकसद से लिखा गया था मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना।
महापौर एजाज ढेबर ने ट्वीट कर लिखा ‘मज़हब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना, हिन्दी हैं हम वतन है हिन्दोस्ताँ हमारा। आज राजधानी रायपुर में आयोजित ‘दावत-ए-इफ्तार’ में इबादत के साथ साथ आपसी भाईचारे और अटूट विश्वास की अद्भुत झलक देखने को मिली।’
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्री अमरजीत भगत, विधायक कुलदीप जुनेजा, सुभाष धुप्पड, गुरुचरण होरा विकास उपाध्याय , राजेंद्र तिवारी , सत्यनारायण शर्मा मौजूद रहे।











