जंगली सूअरों का हमला: दर्जनभर लोगों को किया घायल, 3 को आई गंभीर चोटें

बालोद। ब्लॉक मुख्यालय डौंडीलोहारा के आधा दर्जन गांवों में शुक्रवार को जंगली सूअरों ने लगभग दर्जनभर ग्रामीणों को बुरी तरह घायल कर दिया, जिसमें 10 साल का बालक भी शामिल है. घायलों को डौंडीलोहारा, दल्लीराजहरा व राजनांदगांव के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

डौंडीलोहारा अस्पताल में इलाज करा रहे ग्रामीणों का कहना है कि घटना में 3 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें राजनांदगांव व दल्लीराजहरा के बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज डौंडीलोहारा अस्पताल में ही जारी है।

ग्राम जाटादाहा निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग जंगलू राम हलबा ने बताया कि सुबह 8 बजे जंगली सुअर आया। उसने अचानक हमला कर दिया, जिससे उनकी बांह, जांघ व पैर में चोट आई है। ग्राम गुरामी निवासी 60 वर्षीय महिला पलटीन बाई ने बताया कि वह घर के कोठे में काम कर रही थी। तभी जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उनके बाह व पैर में चोट आई है।

ग्राम भिन्दो निवासी 50 वर्षीय पवारा बाई सोरी व नीराबाई ने बताया कि तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए गई हुई थी, तभी उन पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया, इससे उनके पैर में चोट आई है तथा छाती में दर्द है।

ग्राम सिवनी निवासी 52 वर्षीय प्यारे लाल गौड़ ने बताया कि तेंदूपत्ता तोड़ने के दौरान उन पर हमला हुआ, जिससे उनके पैर व चेहरे पर चोट आई है। इसके अलावा भालूकोना के ग्रामीण भी हमले में घायल हुए हैं।

ग्राम पिंगाल की कुंती बाई को अधिक चोट आने की वजह से उन्हें राजनांदगांव रेफर किया गया है। वहीं ग्राम बघवार के ग्रामीण को चोट आने पर उन्हें दल्लीराजहरा रेफर किया गया है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *