Breaking : मुख्यमंत्री पहुंचे रघुनाथनगर,कॉलेज सहित कई निर्माणकार्यों की दी सौगात, साथ ही इन क्षेत्रों का किया निरिक्षण

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तीसरे दिन प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के रघुनाथनगर में लोगों से विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने इस मौके पर युवाओं की मांग पर रघुनाथनगर में कॉलेज खोलने, वाड्रफनगर में मिनी स्टेडियम और अपर कलेक्टर के लिंक कोर्ट प्रारंभ करने के साथ ही रघुनाथनगर में तालाब निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने रघुनाथनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक एक्सरे मशीन का लोकार्पण किया। नई एक्सरे मशीन से अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण :

मुख्यमंत्री ने रघुनाथनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। वहां इलाज कराने आए मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में पूछा। उन्होंने रघुनाथनगर स्वास्थ्य केंद्र में नई एक्सरे मशीन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में प्रसूता श्रीमती प्रभादेवी को जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत 1400 रूपए का चेक एवं उनकी नवजात बेटी का जन्म प्रमाण पत्र भी प्रदान किया।

तहसील कार्यालय का निरीक्षण :

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रघुनाथनगर तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान प्रभारी तहसीलदार से राजस्व प्रकरणों और उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद रघुनाथनगर तहसील का गठन किया गया है। इस कार्यालय के नव निर्मित भवन का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। तहसील के गठन के लिए रघुनाथनगर के नागरिकों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। इस दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ.शिवकुमार डहरिया, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम भी उनके साथ थे।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *