गिरिडीहः धनबाद-गया रेलखंड पर चिचाकी रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से एक हाथी की मौत हो गयी। शुक्रवार देर रात हुए हादसे की वजह से धनबाद-गया रूट में ट्रेनों का परिचालन करीब 8 घंटे ठप रहा।
गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र में यह हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया था और गड़ेया हॉल्ट के पास ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि इस दौरान इस रूट पर किसी यात्री ट्रेन के गुजरने का शेड्यूल नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के बाद हजारीबाग, गोमो और पारसनाथ में डाउन रेल लाइन बाधित हो गयी। शनिवार सुबह से ही यहां लोगों की भीड़ लगी रही। घटना की सूचना के बाद रेलवे की टीम पहुंची। इसके बाद जेसीबी की मदद से हाथी का शव हटाया जा सका।
करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद रेलवे ट्रैक की मरम्मत की जा सकी और ट्रेनों का परिचालन बहाल किया जा सका। बताया जा रहा है कि यह इलाका हाथियों का कॉरिडोर रहा है और हाथी अक्सर समूह में यहां से गुजरते हैं।











