घर में शांति के नाम पर तांत्रिक ने किया रेप, बेटे के सामने 79 दिन तक बलात्कार

बालासोरः अंधविश्वास की पट्टी लोगों की आंखों पर इस कदर बंधी हैं कि अक्सर लोग सही और गलत के बीच फैसला नहीं कर पाते। ताजा मामला बेहद शर्मनाक है, रोज रोज की किचकिच से बचने के लिए ससुराल वालों ने अपनी बहू को एक तांत्रिक के हवाले कर दिया। उस तांत्रिक ने घरेलू कलह से शांति के नाम पर जबरन उस महिला से संबंध बनाए। हद तो यह कि इस दौरान महिला का मासूम बच्चा भी उसी कमरे में होता था। करीब 79 दिन तक रेप के बाद किसी तरह बहू को उस तांत्रिक के ठिकाने से आजाद करवाया जा सका।

रिश्तों को शर्मसार करने वाले इस मामले में पीड़ित महिला ने पुलिस में दर्ज कराई FIR में अपने पति, देवर और अन्य ससुराल वालों का नाम लिया है. वहीं घरेलू कलह शांत कराने के नाम पर 79 दिनों तक रेप करने वाला तांत्रिक फिलहाल पुलिस के शिकंजे से दूर है.

ये पूरा मामला ओडिशा के बालासोर जिले का है। पीड़िता के अनुसार उसके पति और ससुराल वालों ने उसे तांत्रिक के साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब उसने तांत्रिक के साथ रहने से इनकार कर दिया तो उसकी सास ने उसे नशीली चीज दी। इसके बाद होश में आने पर उसने खुद को अपने बेटे के साथ तांत्रिक के कमरे में पाया।

पीड़िता ने ये बताया कि घरेलू विवाद सुलझाने के नाम पर तांत्रिक ने उसके साथ 79 दिनों तक रेप किया। इस दौरान उसका मासूम बच्चा भी वहीं रहता था। पिछले महीने की 28 तारीख को तांत्रिक अपना मोबाइल कमरे में भूलकर चला गया, जिसके बाद उसने अपने माता-पिता को फोन कर पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया।

बेटी के कॉल के बाद माता-पिता ने पुलिस को इसकी सूचना दी और फिर पुलिस ने पीड़िता और उसके बच्चे को तांत्रिक के ठिकाने रेस्क्यू किया। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जलेश्वर पुलिस ने बताया आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 सहित कई अन्य आरोपों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। तांत्रिक के साथ पति, देवर और अन्य ससुराल वालों को भी नामजद किया गया है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *