शादी के ऐन पहले दूसरी लड़की के साथ भागा दूल्हा, थाने पहुंच फूट फूटकर रोई दुल्हन

लखनऊः शादी के सीजन में कई अजीबोगरीब खबरें मिल रही हैं। कहीं बारात में हंगामा हो रहा है तो कहीं दूल्हा-दुल्हन के बीच तकरार। अब ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें शादी के ऐन पहले दूल्हा फरार हो गया और वह भी किसी दूसरी लड़की के साथ। दूसरी तरफ बारात का इंतजार कर रही दुल्हन को जब इसकी जानकारी मिली तो वह थाने पहुंच गई और फूट फूटकर रोने लगी।

यह घटना उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के दर्शनपुरवा की है। यहां शादी के दिन दूल्हा राहुल वर्मा किसी दूसरी लड़की के साथ भाग गया। काफी खोजबीन के बाद जब कुछ पता नहीं चला तो लड़केवालों ने लड़कीवालों के घर कॉल करके पूरी घटना की जानकारी दी। यह खबर मिलते ही लड़कीवालों के पैरों की नीचे से जमीन खिसक गई। एक तरफ शादी की तैयारियों पूरी हो चुकी थी और दुल्हन इंतजार कर रही थी। दूसरी तरफ शादी नहीं होने पर लड़कीवालों को उसके भविष्य की चिंता सताने लगी।

लड़कीवालों ने थाने जाकर लड़केवालों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। थाने में दुल्हन और उसकी मां का सब्र टूट गया और शादी का कार्ड दिखाती हुई दोनों वहीं फूट फूटकर रोने लगीं।

लड़की की मां विद्या देवी ने बताया कि उनके पति शिवकुमार की मौत करीब 20 साल पहले हो गई। उसने अपनी दो बेटियों की परवरिश करने के लिए गल्ला मंडी में मजदूरी की। वह अकेले ही अपनी दो बेटियों को पालती थी। चार साल पहले उसने अपनी बड़ी बेटी की शादी की थी। अब छोटी बेटी के साथ शादी के दिन ऐसा हुआ तो वह गम को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *