तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी, एक महिला की मौत, 3 बच्चों सहित 7 घायल

​​​​​​​जांजगीर-चांपा। जांजगीर में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि कार सवार 3 बच्चों सहित 7 लोग घायल हुए हैं। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बिलासपुर रैफर किया गया है। बताया जा रहा है कि परिवार उत्तर प्रदेश से आया है। जिस महिला की मौत हुई, वह अपने बेटे से मिलने के लिए आई थी। हादसा अकलतरा थाना क्षेत्र के अर्जुनी गांव के पास हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के बिहानी क्षेत्र के गांव मझिया निवासी गुड्डी देवी (56) पत्नी सुशील सिंह सहित 8 लोग रायगढ़ के खरसिया में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। उनका बेटा अकलतरा में FCI में कार्यरत है। बताया जा रहा है कि उससे मिलने के बाद सुबह करीब 7.30 बजे सभी बिलासपुर लौट रहे थे। अभी वे NH-49 पर पहुंचे थे कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।

अन्य घायलों का उपचार अकलतरा अस्पताल में चल रहा है।

घायलों को अकलतरा अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया और डायल-112 व 108 एंबुलेंस की मदद से अकलतरा अस्पताल लेकर आए। यहां पर डॉक्टरों ने गुड्डी देवी (56) को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक अन्य महिला की हालत गंभीर देख उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया है। बाकी 3 बच्चे और 3 पुरूषों का उपचार अकलतरा अस्पताल में ही चल रहा है।

अभी तक हादसे का कारण पता नहीं चल सका है। घायलों के नाम भी सामने नहीं आ सके हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि फोर लेन पर अचानक गाय आ जाने के कारण हादसा हुआ है। कार अनियंत्रित हुई और सड़क से नीचे उतर गई। अभी घायल भी बात करने की स्थिति में नहीं हैं। गाड़ी से मिले दस्तावेजों के आधार पर पुलिस परिजनों से संपर्क कर रही है। सभी लोग पहले बिलासपुर ही आए थे। वहीं से खरसिया गए और फिर लौट रहे थे।

 

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *