IPL 2022 : राजस्‍थान दूसरी बार पहुंचा फाइनल में, बैंगलोर को 7 विकेट मिली शिकस्त… फाइनल मैच RR Vs GT के बीच…

RR vs RCB, IPL Qualifier 2: राजस्‍थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bangalore) के बीच शुक्रवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल क्वालीफायर 2 का मैच खेला गया। जिसमें राजस्थान ने जोस बटलर के शानदार शतक की बदौलत बेंगलुरु को 7 विकेट से हराकर दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है। अब राजस्थान रॉयल्स रविवार यानी 29 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद में खिताबी मुकाबला खेलेगी। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस हार के साथ आईपीएल से बाहर हो गई।

जोस बटलर ने जड़ा सीजन का चौथा शतक
राजस्थान रॉयल्स को सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर ने लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। लेकिन, छठे ओवर में यशस्वी (21 रन) हेजलवुड का शिकार बने। इसके बाद मैदान में आए कप्तान संजू सैमसन (23 रन) को वानिंदु हसरंगा ने आउट किया।

इसके बाद क्रीज पर आए देवदत्त पड्डिकल (9 रन) पर आउट हो गए। आखिर में शिमरन हेटमायर (2 रन) और जोस बटलर (106 रन) ने टीम को जीत दिलाई। जोस बटलर ने इस सीजन का चौथा शतक लगाया है। बता दें कि एक आईपीएल सीजन में चार शतक इससे पहले सिर्फ विराट कोहली ने लगाए थे।

 

रजत पाटीदार ने बनाए अर्धशतक
इससे पहले पिछले मैच में शतक जड़कर सुर्खियों में आए रजत पाटीदार (58 रन) के अर्धशतक के बावजूद आरसीबी मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आठ विकेट पर 157 रन ही बना सकी। पाटीदार ने छठे ओवर में मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए 42 गेंद की पारी में चार चौके और तीन छक्के जड़े.

इन दो गेंदबाजों ने झटके 3-3 विकेट
कप्तान फॉफ डुप्लेसी ने 25 और ग्लेन मैक्सवेल (13 गेंद में, दो छक्के, एक चौका) ने 24 रन का योगदान दिया। राजस्थान रॉयल्स के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट झटके जिसमें विराट कोहली और दिनेश कार्तिक के विकेट शामिल थे।

उनके अलावा ओबेद मैकॉय ने चार ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट प्राप्त किये। ट्रेंट बोल्ट और आर अश्विन के नाम एक एक विकेट रहे। आरसीबी ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद कोहली का विकेट नौ रन के स्कोर पर गंवा दिया था। डुप्लेसी और पाटीदार ने जिम्मेदारी से खेलते हुए दूसरे विकेट के लिये 70 रन की साझेदारी निभाई।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *