हाथियों ने मचाया उत्पात, कच्चे मकान को ढहाया, ग्रामीणों में दहशत

कोरबा। कटघोरा वनमंडल में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। किसानों की फसल व सब्जी बाड़ी को रौंदने के बाद अब कच्चे मकानों को भी क्षति पहुंचाने लगे हैं। ग्रामीणों पर हमला भी करने लगे हैं। हाथियों को लेकर ग्रामीणों में दहशत है।
बीती रात कटघोरा वनमंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में 15 हाथियों के दल पहुंचा था। इनमें से एक दंतैल अलग होकर ग्राम परला के निकट पहुंच गया। ग्राम के अंतिम छोर में संजय उरांव नामक ग्रामीण के मकान को ढहा दिया। मकान में संजय का परिवार सो रहा था। हाथी की आहट सुनकर परिवार के लोगों की नींद खुल गई। सभी ने घर के भीतरी क्षेत्र में सुरक्षित स्थान पर जाकर अपनी जान बचाई। हाथी काफी देर तक घर के आसपास मंडराता रहा। दो घंटे बाद सुबह होने से पहले दंतैल जंगल की ओर चला गया। तब जाकर परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली। घटना की सूचना रेंजर अभिषेक दुबे, डिप्टी रेंजर सहित क्षेत्र के बीट गार्ड व अन्य कर्मियों को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। विभाग के अधिकारियों ने नुकसानी का सर्वे करने के साथ ही रिपोर्ट तैयार की। विभाग के अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को क्षतिपूर्ति राशि देने की बात कही है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *