बिलासपुर। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम ने फिर से अभियान शुरू कर दिया है। निगम आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी ने दुकानदारों को अंतिम चेतावनी दी है कि वे प्लास्टिक का उपयोग न करें। अन्यथा सीधे जुर्माने की कार्रवाई के साथ प्लास्टिक जब्त किया जाएगा। नगर निगम लगातार पालिथिन के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। बीते तीन महीने के भीतर 25 किलो प्लास्टिक जब्त किया गया है। साथ ही दुकानदारों से 62 हजार स्र्पये का जुर्माना वसूला गया है।
इसके बाद भी दुकानदार प्लास्टिक का उपयोग बंद नहीं कर रहे हैं। सिंगल यू प्लास्टिक पर लगे प्रतिबंध पर एक जुलाई से कड़ाई से अमल करने के निर्देश हैं। इसके बाद भी ग्राहकों को प्लास्टिक की थैलियों में ही सामान दिया जा रहा है। इसे नगर निगम प्रबंधन ने गंभीरता से लिया है। निगम आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी ने टीम को निर्देशित किया है कि प्लास्टिक के कैरी बैग पर पूरी तरह रोक लगाएं। इसके बजाय कपड़े व जूट के बने थैलों का उपयोग किया जाए। ताकि प्लास्टिक थैलियों का उपयोग बंद हो सके। इसके बाद इन थैलियों का उपयोग करने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान बिना समझाइश दिए ही जुर्माना वसूला कर प्लास्टिक की थैली जब्त की जाएगी। वहीं, अब आने वाले एक दो दिन के भीतर ही टीम प्लास्टिक को बाजार से हटाने के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई करेगी। वहीं, निगम आयुक्त ने शहरवासियों को यह भी सलाह दी है कि वे कपड़े व जूट के बने थैलियों का उपयोग करें। इससे अपने आप ही प्लास्टिक की थैलियों का चलन बाहर हो जाएगा और प्लास्टिक के दुष्परिणाम भी सामने नहीं आएंगे।
दुकानदार अब भी बेच रहे प्लास्टिक कैरी बैग
कई दुकानदार भी अब भी खुलेतौर पर प्लास्टिक की थैलियों को बेच रहे हैं। गोल बाजार, बुधवारी बाजार, शनिचरी, व्यापार विहार में बड़ी दुकानों से प्लास्टिक थैलियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन पर अब तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है।











