Bharat Jodo Yatra : बारिश में भीगे राहुल गांधी, कहा: कोई भी चीज भारत यात्रा को नहीं रोक सकती

मैसुरु (कर्नाटक) : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को यहां भारी वर्षा के बीच जनसभा को संबोधित किया और कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से देश को एकजुट करने से ”हमें कोई नहीं रोक सकता’’। इसके बाद लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में नारे लगाये। शहर के बाहरी इलाके में जैसे ही गांधी जनसभा स्थल पर पहुंचे , अचानक तेज वर्षा होने लगी। जब वायनाड के सांसद गांधी ने अपना भाषण जारी रखने का फैसला किया तब लोगों ने उनके पक्ष में नारे लगाये।

उन्होंने कहा, ”यह यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी और नहीं रुकेगी। आप देख रहे हैं कि वर्षा हो रही है लेकिन वर्षा इस यात्रा को नहीं रोक पायी। गर्मी, तूफान या ठंड इस यात्रा को नहीं रोक सकती है।’’ गांधी ने कहा, ” नदी जैसी यह यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी और इस नदी में आप नफरत और हिसा का कोई अंश नहीं देखेंगे। (इसमें) केवल प्यार एवं भाईचारा ही होंगे क्योंकि यही भारत का इतिहास है और यही उसके डीएनए में है।’’ इससे पहले दिन में गांधी बदनाडू से मैसुरू तक 10 किलोमीटर तक चले और सड़क के किनारे खड़े लोगों ने उनका स्वागत किया। पुलिस भीड़ को संभालती नजर आयी।

गांधी ने बाद में कहा कि भाजपा और आरएसएस द्बारा फैलाई जा रही नफरत एवं हिंसा को रोकने’’ पर केंद्रित ‘भारत जोड़ो’ यात्रा को कोई भी चीज नहीं डिगा सकती। उन्होंने कहा, ”भाजपा जो भी नफरत या हिंसा फैलाए लेकिन यह यात्रा उसे रोकेगी एवं लोगों को एकजुट करने में मदद करेगी।’’ इस बीच पार्टी महासचिवों-जयराम रमेश और रणदीप सुरजेवाला समेत कई पार्टी नेताओं ने गांधी का भाषण ट्वीट किया और कहा कि वह बारिश से भी अविचलित हैं और उन्होंने देश के लिए संघर्ष करने का अपना दृढ़ निश्चय दिखाया है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *