मेटाडोर ने 4 साल के बच्चे को कुचला, 50 मीटर तक घसीटा, मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में एक मेटाडोर ने 4 साल के बच्चे को कुचल दिया। इसके बाद उसे 50 मीटर दूर तक घसीट कर ले गया। हादसे में बच्चे की मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने कुरूद-मेघा स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। शुक्रवार तड़के 3 बजे तक लोगों ने सड़क जाम करके रखा, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।

घटना गाड़ाडीह के पास स्टेट हाईवे पर हुई। गुरुवार शाम 4 बजे बच्चा आदि सिन्हा अपने घर के पास ही खेल रहा था। अचानक पीछे से आ रहे मेटाडोर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और उसे 50 मीटर दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कुरूद-मेघा स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। सूचने मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने की कोशिश की, लेकिन गांववालों ने शव को सड़क पर से उठाने नहीं दिया। आज तड़के 3 बजे तक ग्रामीण विरोध-प्रदर्शन करते रहे। चक्काजाम करने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।फिलहाल आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर मेटाडोर को जब्त कर लिया गया। ग्रामीणों को समझाया गया है, जिसके बाद उन्होंने चक्काजाम खत्म कर दिया है। वहीं बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम कुरूद अस्पताल में शुक्रवार को कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

 

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *