जानें कैसा रहेगा मौसम , छत्तीसगढ़ में आज हो सकती है बारिश

 रायपुर : बंगाल की खाड़ी से तट तक पहुंचने वाले चक्रवाती तूफान मंडौस के असर से दक्षिणी राज्यों आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में बारिश शुरू हो गई। छत्तीसगढ़ में भी नमी आने लगी है, जो शनिवार को और बढ़ने के आसार हैं। उत्तर से आ रही ठंडी हवा और दक्षिण से आने वाली नमी के कारण प्रदेश का बड़ा इलाका सुबह-शाम घने कोहरे की चपेट में है। ज्यादा कोहरा बस्तर और सरगुजा संभाग और लगे हुए इलाके में नजर आ रहा है। नमी और हल्के बादलों से कई जगह दिन का तापमान भी कम हो गया है। राजधानी रायपुर में दिन का तापमान 27.5 डिग्री रहा

यह नार्मल से एक डिग्री कम है, वहीं रात का तापमान भी 12.5 रिकार्ड किया गया। यह भी सामान्य से एक कम है। इसी तरह अंबिकापुर, जगदलपुर, दुर्ग तथा बिलासपुर में दिन का तापमान सामान्य और उस से कम रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार रायपुर में शनिवार को सुबह हल्के बादल रहेंगे। हल्की वर्षा भी हो सकती है। दिन का तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहने की संभावना है। यानी दिन ठंडा रहेगा लेकिन रात में ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी।

इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा शुक्रवार
राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार इस वर्ष का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। राजधानी का पारा 12 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। प्रदेश में सबसे कम तापमान कोरिया और नारायणपुर का 6.7 डिग्री के आसपास रहा
मौसम विभाग के अनुसार आमतौर पर इस माह में रायपुर का औसत अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री होता है। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी समेत प्रदेश के कई इलाकों में बादलों का डेरा रहेगा। तापमान में 4 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है।

बीते वर्षों का आंकड़ा देखें तो 13 दिसंबर के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू होता है। यह सिलसिला जनवरी तक जारी रहता है। इस बार भी जैसे चक्रवातीय तूफान का असर कम होगा उसके बाद ही रायपुर का पारा 10 डिग्री तक पहुंच सकता है। चक्रवाती तूफान का असर 13 से 14 डिग्री तक रहेगा। एक साथ पारा गिर सकता है।

मौसम के आंकड़े
वर्ष न्यूनतम तापमान दिनांक
2011 9.9 24 दिसंबर
2012 11.9 13 दिसंबर
2013 9.2 29 दिसंबर
2014 10.7 27 दिसंबर
2015 11.0 19 दिसंबर
2016 11.3 27 दिसंबर
2017 8.9 30 दिसंबर
2018 9.6 28 दिसंबर
2019 10.5 21 दिसंबर
2020 9.2 21 दिसंबर

चक्रवाती तूफान के आने से प्रदेश में फिर से बादलों का डेरा बना रहेगा और तापमान में हो रही गिरावट रुक जाएगी। तूफान की वजह से शनिवार और रविवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है, जिसके कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। प्रदेश के बस्तर संभाग के दक्षिणी छोर में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की भी संभावना है। चक्रवाती तूफान मंडौस दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित था, जो उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी की और पहुंच गया है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *