मातम में बदली खुशियां : सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, 4 दिन पहले हुई थी शादी

बिलासपुर। जिले में तेज रफ्तार बाइक हादसे का शिकार हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जिस युवक की मौत हुई उसकी चार दिन पहले ही शादी हुई थी और वह अपनी पत्नी को लेकर ससुराल आया था। वह पत्नी को छोड़कर अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहा था। तभी ये हादसा हो गया।

जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के दमखांचा निवासी राजू गोंड़ रोजी-मजदूरी करता था। उसकी शादी सीपत क्षेत्र के ग्राम खांडा में 26 फरवरी को हुई थी। गुरुवार को वह अपनी पत्नी संगीता को लेकर ससुराल आया था। यहां पर मंडप निकालने का रस्म होना था। राजू अपनी पत्नी को उसके घर में छोड़ने के बाद वह खम्हरिया में रहने वाले रिश्तेदार के घर चला गया था।

रिश्तेदारों से मिलने के बाद वह अपनी बाइक से ससुराल लौट रहा था। वह लुतरा के राउतराय मैदान के सामने पहुंचा था, जहां सड़क किनारे ट्रेलर खड़ी थी। युवक की बाइक ट्रेलर से जा टकराई। राजू की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। उसके पास मिले दस्तावेज से पहचान कर पुलिस ने परिजन को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *