भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू का एक्सीडेंट

रायपुर। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू का एक्सीडेंट हो गया। उनकी कार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। ये ट्रक अमित की कार के करीब से तेजी से निकला और टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया। अमित जिस कार में थे उसका सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है। इस हादसे में अमित साहू को कोई चोट नहीं आई। ये हादसा बिलासपुर रोड में नांदघाट के पास रविवार रात को हुआ।

अमित साहू भाजपा के माइक्रो डोनेशन कार्यक्रम में शामिल होकर रायपुर लौट रहे थे। इस हादसे में बाल-बाल बचे भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने कहा कि वो बिल्कुल ठीक हैं, इस घटना में गाड़ी में मौजूद उनके ड्राइवर और अन्य किसी भी साथी को चोट नहीं आई। अमित ने बताया कि हाइवे पर बेतरतीब ड्राइविंग करने के मामले बढ़े हैं, हाइवे पेट्रोलिंग टीम को इस पर नजर रखनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं न हों।

क्या है माइक्रो डोनेशन कार्यक्रम
भाजपा इस अभियान के तहत लोगों से चंदा जमा कर रही है। दरअसल, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 25 दिसंबर को इस माइक्रो डोनेशन अभियान की शुरुआत की थी। अब भाजपा आला कमान के निर्देश पर भाजयुमो देशभर में इस अभियान को चलाने जा रही है। छत्तीसगढ़ में भी ये जिम्मा BJYM पर है। भाजपा इसे चंदा लेने से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने के तौर पर देख रही है। इसके जरिए अधिक से अधिक युवा और महिलाओं को नमो एप के जरिए पार्टी से जोड़ा जा रहा है, नमो एप के जरिए ही डिजिटल पेमेंट ली जा रही है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *