दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 25 लाख रुपए की इनामी महिला माओवादी रेणुका ढेर

दंतेवाड़ा।छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने 25 लाख रुपए की इनामी महिला माओवादी को मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दंतेवाड़ा और बीजापुर के सीमावर्ती क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी की सदस्य रेणुका उर्फ बानु को मार गिराया है। रेणुका के सर पर 25 लाख रुपए का इनाम था।

उन्होंने बताया कि दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना और बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांव नेलगोड़ा, एकेली और बेलनार की ओर सुरक्षाबलों को माओवाद विरोधी अभियान पर रवाना किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान आज सुबह लगभग नौ बजे से माओवादियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी जारी है।

उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से अब तक एक महिला माओवादी का शव, इंसास राइफल, गोला-बारूद और दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया है।

 

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *