टीकमगढ़/निवाड़ी: मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, यहां चोरों की खोज करने वाला पुलिस का कुत्ता ही चोरी हो गया। वह कुत्ता जो सूंघ-सूंघकर चोरों का पता लगा लेता था, उसे ही चोर उठा ले गए। यह घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने घटना के बाद डॉग मास्टर को सस्पेंड कर दिया और कुत्ते की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, कुत्ता 19 अप्रैल को चोरी हुआ था, लेकिन इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह मामला निवाड़ी जिले के ओरछा का है। यहां रात को डॉग मास्टर पुलिस के कुत्ते घुमाने निकला था। इस दौरान, वहीं पास से बारात भी निकल रही थी, पटाखे और ढोल नगाड़े की आवाज से कुत्ता विचलित हो गया और वह भाग गया। इसके बाद कुत्ते की तलाश शुरू कर दी गई। जब बहुत देर तक कुत्ता नहीं मिला तो एफआईआर दर्ज कराई गई और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
एक जगह सीसीटीवी कैमरे में कुत्ता नजर आया। उसे कुछ लोगों ने पकड़ा और आराम से स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर ले गए। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और कुत्ते की तलाश तेज कर दी, घेरा-बंदी करने के बाद आखिरकार कुत्ता और उसे ले जाने वाले मिल गए। पुलिस ने कुत्ता उठाने वालों से पूछताछ शुरू कर दी है।











