बर्ड फ्लू के नए स्ट्रेन H3N8 का पहला केस आया सामने, 4 साल का बच्चा संक्रमित

नई दिल्लीः बर्ड फ्लू का नया मामला इंसानों के लिए बड़ी चुनौती बनकर आया है। चीन में मानव में एवियन फ्लू के एच3एन8 स्ट्रेन के पहले मामले की पुष्टि हुई है। यहां 4 साल के एक बच्चे को बुखार और अन्य लक्षणों के साथ अस्पताल में भर्ती होने के बाद टेस्ट कराया गया था, जिसमें वह बर्ड फ्लू के एच3एन8 स्ट्रेन से पॉजिटिव पाया गया।

चीन में बर्ड फ्लू के H3N8 स्ट्रेन के पहले मामले की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि लोगों के बीच अभी इस संक्रमण के फैलने का जोखिम कम है। इससे पहले H3N8 साल 2002 में उत्तरी अमेरिकी में देखा गया था। इसके बाद इससे घोड़े, कुत्ते और सील संक्रमित हुए थे।

चीन के स्वास्थ्य आयोग के अनुसार मध्य हेनान प्रांत में रहने वाले एक 4 साल के बच्चे का इस महीने की शुरुआत में बुखार और अन्य लक्षणों के साथ अस्पताल में भर्ती होने के बाद टेस्ट कराया गया। जांच में वह इस वायरस से पॉजिटिव पाया गया था। बच्चे के परिवार ने घर पर मुर्गियों को पाला था और परिवार जंगली बत्तखों की आबादी वाले इलाके में रहता था।

उन्होंने यह भी बताया कि इस बच्चे का मामला एकतरफा क्रॉस-प्रजाति संक्रमण है और इसके लोगों के बीच बड़े पैमाने पर फैलने का खतरा कम है।

बर्ड फ्लू मुख्य रूप से जंगली पक्षियों और मुर्गी पालन से फैलता है। यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल के अनुसार, 1997 और 2013 में पाए गए बर्ड फ्लू के H5N1 और H7N9 स्ट्रेन, एवियन इन्फ्लूएंजा से मानव बीमारी के अधिकांश मामलों के लिए जिम्मेदार हैं। 2012 में H3N8 से संयुक्त राज्य अमेरिका के उत्तरपूर्वी तट पर 160 से अधिक सील की मौत हो गई थी।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *