कोरबा। सेमीपाली उरगा के वे-ब्रिज में वजन कराने पर पाया गया कि ट्रक ओवरलोड है। मामले में ट्रांसपोर्टर पर 36 हजार की पेनाल्टी लगाई गई है।
जिले के पहंदा स्थित राइस मिल से धान लेकर ट्रक कटघोरा जा रहा था। इस बीच उरगा में परिवहन विभाग के द्वारा औचक जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान धान का परिवहन कर रहे एक ट्रक का वजन कराने पर उसमें निर्धारित क्षमता से अधिक वजन पाया गया। जबकि पत्रक में इससे कम मात्रा का उल्लेख था। परिवहन विभाग ने कार्रवाई करने के साथ पेनाल्टी लगाई। अगली कार्रवाई के लिए वाहन को पुलिस के हवाले किया गया है। परिवहन विभाग का कहना है कि अलग-अलग कारणों से इस तरह के अभियान विभिन्न क्षेत्रों में चलाए जाते रहेंगे और नियम विरूद्ध परिवहन पर कार्रवाई की जाएगी। लंबे समय के बाद परिवहन विभाग ऐसे मामलों में गंभीरता दिखा रहा है। माना जा रहा है कि सड़क हादसों की रफ्तार में बढ़ोत्तरी को लेकर प्रशासन की नींद टूटी है और इस तरह के अभियान चलाने की अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
2022-09-21










