रायपुर। CG NEWS : इंदौर के वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री अभय छजलानी का गुरुवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार शाम करीब 5:00 बजे पंचकुइया मुक्तिधाम पर होगा। उनके परिवार में पुत्र विनय छजलानी और पुत्रियां शीला और आभा हैं। सीएम बघेल ने पद्मश्री अभय छजलानी के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि – नई दुनिया समूह के पूर्व प्रधान संपादक, वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री अभय छजलानी जी के निधन का समाचार दुखद है। वे ज़मीनी मुद्दों की समझ के साथ मूल्यों की पत्रकारिता के लिये जाने जाते थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं परिवार के सदस्यों को दुःख सहने की शक्ति दे।
वरिष्ठ पत्रकार अभय छजलानी का जन्म 4 अगस्त 1934 को इंदौर में हुआ था। उन्होंने 1955 में पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रवेश किया। 1963 में कार्यकारी संपादक का कार्यभार संभाला बाद में लंबे अरसे तक नईदुनिया के प्रधान संपादक भी रहे। वर्ष 1965 में उन्होंने पत्रकारिता के विश्व प्रमुख संस्थान थॉम्सन फाउंडेशन, कार्डिफ (यूके) से स्नातक की उपाधि ली। हिन्दी पत्रकारिता के क्षेत्र से इस प्रशिक्षण के लिए चुने जाने वाले वे पहले पत्रकार थे। अभय छजलानी ने शहर के कई प्रमुख मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। इसके साथ ही वह खेलों से भी जुड़े रहे। लंबे समय तक वह मध्यप्रदेश टेबल टेनिस संगठन के अध्यक्ष रहे और फिर आजीवन अध्यक्ष पद पर बने रहे।











