CHHATTISGARH : रेत माफियाओं पर 40 लाख का वार!

कबीरधाम. कबीरधाम में मानसून आने से पहले रेत माफियाओं ने नदियों को अपनी कमाई का जरिया बना लिया था, लेकिन इस बार प्रशासन ने ऐसा वार किया कि पूरे जिले में हड़कंप मच गया। पंडरिया ब्लॉक के खरहट्टा गांव में करीब 40 लाख रुपए की अवैध रेत जब्त की गई है, जिसे जिले की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

हाफ नदी से निकाली गई 2660 घनमीटर रेत, यानी करीब 1000 ट्रैक्टर ट्रॉली के बराबर स्टॉक पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया। सबसे ज्यादा 1000 घनमीटर रेत रामेश्वर चंद्राकर के कब्जे से मिली, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई जा रही है।

धर्मेंद्र चंद्राकर के यहां से 750 घनमीटर, मुन्ना चंद्राकर के पास से 450 घनमीटर, पंकज चंद्राकर के यहां से 350 घनमीटर और विष्णु चंद्राकर के कब्जे से 110 घनमीटर रेत जब्त हुई। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में रेत कारोबार से जुड़े लोगों में बेचैनी बढ़ गई है।

हालांकि अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जांच सिर्फ इन पांच नामों तक सीमित रहेगी या फिर इस पूरे अवैध नेटवर्क को संरक्षण देने वाले बड़े चेहरों तक भी कार्रवाई पहुंचेगी? वनांचल इलाकों में लंबे समय से चल रहे इस सिंडिकेट पर प्रशासन का अगला कदम क्या होगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

तहसीलदार संजय महोबिया ने कहा कि खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सख्ती से कार्रवाई की है और अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ आगे भी कदम उठाए जाएंगे।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *