नोएडा. नोएडा की एक पॉश हाईराइज सोसाइटी सोमवार सुबह अचानक धुएं और आग की लपटों से दहल उठी। सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी की 22वीं मंजिल पर लगे AC में धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
स्थानीय लोगों ने सबसे पहले धुआं उठते देखा। कुछ ही मिनटों में आग पड़ोसी फ्लैट तक पहुंच गई, जिसके बाद पूरे टावर में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत फ्लैट खाली करना शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
मौके पर दमकल विभाग की छह गाड़ियां पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जांच में आग की वजह AC ब्लास्ट बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बालकनी में लगे एयर कंडीशनर में विस्फोट के बाद आग तेजी से फैल गई और पास के फ्लैट को भी अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संभावित घायल को तत्काल इलाज उपलब्ध कराने को कहा गया है।
फिलहाल पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।











