दुर्ग। दुर्ग के इंदिरा मार्केट में मिठाई और आइसक्रीम की दुकान की आड़ में ऐसा खेल चल रहा था, जिसकी भनक पूरे इलाके को थी, लेकिन कार्रवाई अब जाकर हुई। ऊपर लॉज में कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा चल रहा था और नीचे आइसक्रीम पार्लर संचालित हो रहा था।
पुलिस ने इस बार पूरी तैयारी के साथ ऑपरेशन किया। पहले एक जवान को फर्जी ग्राहक बनाकर अंदर भेजा गया। जैसे ही अंदर से इशारा मिला, सिटी कोतवाली और एसीसीयू की टीम ने एक साथ दबिश दे दी। करीब पांच घंटे तक चली कार्रवाई में संचालक समेत कुल 8 लोगों को हिरासत में लिया गया।
जांच में सामने आया कि यहां नए ग्राहकों को एंट्री नहीं मिलती थी। सिर्फ उन्हीं लोगों को अंदर आने दिया जाता था, जिनके नंबर पहले से सेव रहते थे। इससे पूरे नेटवर्क के संगठित तरीके से चलने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस को मौके से 20 हजार रुपए नकद, चार मोबाइल फोन, 80 कंडोम के पैकेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिली है। तीन महिलाओं और दो पुरुषों को आपत्तिजनक स्थिति में पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई।
मामले में लॉज संचालक विजय गुजराती, ग्राहक नारायण देशमुख और तमाशा कुमार साहू समेत अन्य लोगों के खिलाफ पीटा एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।











